
न्यूज़ धमाका :-रूस यूक्रेन युद्ध का 7 मार्च को 12वां दिन है। यूक्रेन के शहरों पर रूस के हमले जारी है। ताजा खबर है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से फोन पर बात की। 35 मिनट की चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने जेलेंस्की से ताजा हालात की जानकारी ली। साथ ही वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापस पर भी बात हुई। भारतीयों की सुरक्षित वापसी में यूक्रेन और वहां की सरकार की मदद के लिए पीएम मोदी ने आभार जताया। अब थोड़ी देर में पीएम मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात करेंगे।इससे पहले यूक्रेन सरकार अपील कर चुकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करें और इस युद्ध को रोकने में मदद करे।
रूस यूक्रेन जंग का असर, 1500 अंक गिरा शेयर बाजार
रूस और यूक्रेन की जंग जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, दुनिया पर इसके आर्थिक परिणाम साफ दिखाई देने लगे हैं। क्रूड आयल रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। सोना महंगा हो गया है। इसका असर कई देशों के शेयर बाजारों पर पड़ा। भारतीय शेयर बाजार भी अछूता नहीं है। सोमवार को सेंसेक्स 1500 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ खुला। सुबह 9.37 बजे BSE 1,569 अंक या 2.89% की गिरावट के साथ 52,764.70 पर रहा, वहीं NSE में 446 अंकों की गिरावट रही और यह 15,799.15 पर था। आशंका जताई जा रही है कि दिन में और गिरावट देखने को मिल सकती है।