
रायपुर,न्यूज़ धमाका :- बिरगांव निगम के अंतर्गत आने वाली जनता को इन दिनों पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। क्योंकि बिरगांव नगर निगम वहां की जनता को शुद्ध पानी पिलाने में नाकाम साबित हो रहा है। पीने के पानी के लिए वहां के लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्योंकि खारून नदी में गंगरेल बांध से आने वाला पानी बेंद्री एनीकट तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
एनीकट का पानी गंदा हो गया है
इस कारण एनीकट का पानी गंदा हो गया है। गंदे पानी को निगम का फिल्टर प्लांट साफ नहीं कर पा रहा है। निगम के अधिकारी कलेक्टर और कृषि विभाग के अधिकारियों से पानी छोड़ने की कई बार गुहार लगा चुके है, लेकिन उसके बाद भी कोई हल नहीं निकल रहा है। निगम के अधिकारी का कहना है कि बिरगांव में शुद्ध पानी की सप्लाई करना एक जटिल समस्या बन गई है लेकिन टैंकर से लोगों तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
15 वार्डों की जनता टैंकर के भरोसे
गौरतलब है कि बिरगांव नगर निगम के अंतर्गत आने वाले 40 वार्डों में कुल सवा लाख के करीब आबादी निवासरत है। बिरगांव निगम के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वर्मतान में 25 वार्डों में ही पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो पाया है बाकि के बचे हुए 15 वार्ड की जनता आज भी टैंकर और बोर के भरोसे है। बिरगांव में गर्मी शुरू होते ही जल स्तर नीचे चला जाता है। जिससे बोर सूखने लगते हैं। निगम टैंकर से पानी की सप्लाई करता है। टैंकर के लिए लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। पानी को लेकर बिरगांव में कई बार मारपीट की घटनाएं भी घटित हो चुकी है।
