
रायपुर,न्यूज़ धमाका :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर के एक लाख से अधिक घर व प्रतिष्ठानों के मालिकों से नगर निगम कई तरह के कर की वसूली नहीं कर पा रहा है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण यूजर चार्ज है। वार्षिक स्थिति में देखें तो ये चार्ज 300 रुपए से लेकर 700 रुपए तक है।यानि, औसत रूप से करीब 5 करोड़ का चार्ज निगम को नहीं मिल पा रहा है। चकित करने वाली बात यह है कि इतने पैसों की वसूली करने में निगम भी ध्यान नहीं दे रहा है। जो मिल रहा है, उससे ही संतुष्टि दिखाई जा रही है। शेष की वसूली के लिए केवल नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर ली जा रही है। इन सबके बीच निगम ने अब तय किया है कि यूजर चार्ज की वार्षिक नहीं, मासिक वसूली की जाएगी।यूजर चार्ज को लेकर निगम में हमेशा से ही तलवारें खिंची रहीं। यहां तक कि निकाय चुनाव में भी इस विषय पर ढेरों आश्वासन दिए गए। अंतत: सत्ता मिलने के बाद इस बड़ी राशि का मोह निगम नहीं छोड़ पाया। निगम क्षेत्र के 3.04 लाख घरों-प्रतिष्ठानों से निगम ने यूजर चार्ज से 55 करोड़ की आय का लक्ष्य निगम ने रखा है। 500 रुपए प्रति वर्ग फुट से ऊपर के सभी घरों-प्रतिष्ठानों से इस चार्ज की वसूली होती है। हालांकि कहने को केवल 55 करोड़ है, निगम को 35-40 करोड़ से ऊपर की आय आज तक नहीं हुई है।
