
कवर्धा न्यूज़ धमाका – कबीरधाम जिले के पंडरिया में खाद की कमी से नाराज़ किसानों ने पंडरिया-कवर्धा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि सरकारी सहकारी समितियों में डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा है, जबकि निजी दुकानों में इन्हें मनमाने दामों पर बेचा जा रहा है।
किसानों ने कृषि विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खरीफ सीजन की बुआई के बीच खाद की अनुपलब्धता से उन्हें गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग के अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। किसानों ने मांग की है कि खाद वितरण में पारदर्शिता लाकर कालाबाज़ारी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।



