
भिलाई न्यूज धमाका – दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में एक बाल अपचारी और एक युवक शामिल है, जिसकी पहचान साहिल सोना के रूप में हुई है।
क्या है मामला?
पीड़ित युवक नीरज वर्मा पर 28 जून को इंदिरा पारा, भिलाई-3 के पास दो अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया था। चाकू से घायल नीरज को पहले सनशाइन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे बीएम शाह अस्पताल, सुपेला में भर्ती किया गया। उसके पिता अजय कुमार वर्मा ने पुरानी भिलाई थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। नीरज वर्मा के बयान, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। दोनों आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी पाए गए।
लड़की से विवाद बना हमले की वजह
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साहिल सोना का अपनी महिला मित्र से विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते उसने अपने साथी बाल अपचारी के साथ मिलकर नीरज वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बटनदार चाकू का इस्तेमाल किया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस आधार पर मामले में 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गंभीर धाराएं और न्यायिक रिमांड
घायल की मेडिकल रिपोर्ट में चोट को गंभीर और प्राणघातक बताया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 109 बीएनएस (हत्या के प्रयास) भी जोड़ी है। आरोपी साहिल सोना और उसके नाबालिग साथी को 30 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड से पता चला है कि दोनों आरोपियों पर पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सक्रियता सराहनीय
इस कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक रामस्वरूप कुरैशिया, आरक्षक ईश्वर भारद्वाज, संजय मनहरे, बंटी सिंह और राजकुमार सिंह की सक्रिय भूमिका रही।



