
सुकमा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप पर बस्तर जिले के एक सरकारी गेस्ट हाउस के संविदा कर्मचारी ने मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष धनीराम बारसे ने इस आरोप को कांग्रेस की साजिश बताया। उन्होंने कहा,
“कांग्रेस बस्तर के जननायक और लोकप्रिय मंत्री केदार कश्यप की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। उनकी छवि खराब करने के लिए झूठा प्रचार किया जा रहा है।”
धनीराम ने दावा किया कि पिछले 15 वर्षों में केदार कश्यप ने बस्तर के विकास में अहम भूमिका निभाई है। सुकमा से नारायणपुर तक कई विकास कार्य उनके कार्यकाल में हुए, जबकि कांग्रेस सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
आरोपों के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी रायपुर में प्रदर्शन किया और मंत्री के बंगले का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने कश्यप को मंत्रिमंडल से हटाने और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
पुलिस जांच जारी
बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि संविदा कर्मचारी खितेन्द्र पांडे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच जारी है।



