
बालोद न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दीवार गिरने से एक युवक की जान चली गई। यह हादसा 4 सितंबर को गुंडरदेही थाना क्षेत्र के चैनगंज में हुआ। मृतक की पहचान विनय कुमार चंदनिया (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोकपुर का निवासी था।
ऐसे हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, विनय अपनी बहन की इलाज के लिए चाचा के घर आया था। 4 सितंबर की सुबह वह घर पहुंचा, नाश्ता करने के बाद करीब 11 बजे टहलने निकला। इसी दौरान 11:05 बजे पड़ोसी जय कुमार महाराज की बारिश से भीगी दीवार अचानक गिर गई। विनय दीवार के मलबे के साथ नाली पर जा गिरा, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तुरंत उसे गुंडरदेही शासकीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे भिलाई के निजी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
अधिकारी बनने की कर रहा था तैयारी
चाचा दीनदयाल चंदनिया ने बताया कि विनय इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिजन लगातार डॉक्टरों से सिर का ऑपरेशन करने की गुहार लगाते रहे, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से ऑपरेशन संभव नहीं हो सका। विनय का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव कोकपुर में किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
गुंडरदेही थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि युवक की मौत इलाज के दौरान भिलाई के निजी अस्पताल में हुई। शून्य मर्ग कायम कर केस गुंडरदेही में ट्रांसफर किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



