
21 जुलाई 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका –हैदराबाद में अपने मजदूर माता-पिता के साथ रह रही छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियां घर लौटने के लिए निकलीं, लेकिन रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं।
हैदराबाद में अपने परिवार के साथ रह रही छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों शहर का माहौल रास नहीं आने के कारण लगातार अपने गांव लौटने की बात कर रही थीं। रविवार देर रात वे बिना किसी को बताए घर से निकल गईं।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में तीनों लड़कियां हिमायतनगर क्षेत्र से ऑटो में बैठकर सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन की ओर जाती दिखाई दी हैं। जांच में यह भी पता चला है कि उन्होंने छत्तीसगढ़ जाने वाली ट्रेनों की जानकारी जुटाई थी। हालांकि उनके गांव के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं होने से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस ट्रेन से रवाना हुईं। लापता लड़कियों की पहचान 17 वर्षीय शिल्पा कुमारी और दो सगी बहनों 14 वर्षीय लता एवं स्नेहा के रूप में हुई है। तीनों अपने मजदूर माता-पिता के साथ हैदराबाद की फरीद बस्ती में रह रही थीं।
पुलिस ने जांच टीम का किया गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर दी है। रेलवे अधिकारियों, पड़ोसी जिलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित रूटों की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि तीनों लड़कियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। ताकि, उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके



