
बिलासपुर न्यूज धमाका – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जापान प्रवास के दौरान बिलासपुर के शिक्षाविद् डॉ. निशांत मिश्रा से मुलाकात हुई। डॉ. मिश्रा वर्तमान में जापान के योकोहामा स्थित कोहोना इंटरनेशनल स्कूल में प्राचार्य हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में भी जापानी शिक्षा मॉडल के आधार पर स्कूल खोलने की संभावनाओं पर चर्चा की।
कोहोना इंटरनेशनल स्कूल का संचालन जापान के योकोहामा और कावासाकी शहरों में किया जा रहा है और यह लंदन के कैम्ब्रिज स्कूल से संबद्ध है। स्कूल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री और उनके साथ गए प्रतिनिधिमंडल को भोजन पर आमंत्रित कर शिक्षा व्यवस्था का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने जापान की शिक्षा प्रणाली को गहराई से समझते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस तरह की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की कोशिश की जाएगी।
डॉ. मिश्रा का बिलासपुर से गहरा नाता है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई भिलाई रेलवे स्कूल और आगे की शिक्षा सीएमडी कॉलेज, बिलासपुर व गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से प्राप्त की। जैन इंटरनेशनल स्कूल और राजनांदगांव में शिक्षण सेवाएँ देने के बाद वे वर्ष 2013 में दक्षिण अफ्रीका पहुँचे, जहाँ उनका स्कूल लगातार शीर्ष पर रहा। बाद में वे जापान चले गए और अब वहीं इंटरनेशनल स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री साय इन दिनों वल्र्ड एक्सपो कार्यक्रम में भाग लेने जापान प्रवास पर हैं।
