
कोंडागांव न्यूज धमाका – जिले के प्रभारी सचिव भीम सिंह ने मंगलवार को फरसगांव क्षेत्र के स्कूलों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सुविधाएं सुधारने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों की स्थिति पर फोकस
प्रभारी सचिव सबसे पहले फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने दवाइयों के स्टॉक की स्थिति की जांच की। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि आपातकालीन दवाएं हमेशा उपलब्ध रहें और स्टॉक की नियमित निगरानी की जाए।
स्कूलों में छात्राओं से संवाद, समस्याएं सुनीं
इसके बाद उन्होंने कन्या हाई स्कूल और पीएम श्री अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने पालक संघ की बैठक में भाग लेकर पालकों और छात्राओं से सीधे संवाद किया। छात्रावास की स्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं पर फीडबैक लेते हुए उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पालकों की मांग पर उन्होंने:
- पीएम श्री विद्यालय के लिए सड़क मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
- हाई स्कूल के लिए नए भवन के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की।
प्रशासनिक अमला रहा साथ
निरीक्षण के दौरान कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन कुमार पुषाम, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



