
रायपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विदेशी गिफ्ट और मुद्रा भेजने का झांसा देकर भारतीय महिलाओं से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। राजनांदगांव साइबर सेल और चिचोला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को दिल्ली के जनकपुरी और उत्तम नगर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका मूल के हैं।
कैसे करते थे ऑनलाइन ठगी?
आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat पर फर्जी प्रोफाइल (Drkendrick24 और collins leo25) बनाकर महिलाओं से दोस्ती करते थे। खुद को धनाढ्य विदेशी नागरिक बताते हुए महंगे गिफ्ट और पाउंड मुद्रा भेजने का झांसा देते थे। जब “गिफ्ट” भारत आने का दावा किया जाता, तब आरोपित कथित कस्टम क्लीयरेंस फीस के नाम पर ठगी करते थे।
एक महिला से इसी तरह ₹1,23,700 की ठगी की गई। इस संबंध में थाना छुरिया के चिचोला पुलिस चौकी में अपराध क्रमांक 105/2025 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराएं 66(C), 66(D) और बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी और जब्ती
राजनांदगांव पुलिस ने 5 अगस्त 2025 को दिल्ली में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से:
- 2 लैपटॉप
- 25 मोबाइल फोन (14 एंड्रॉयड, 6 की-पैड, 5 बंद)
- 5 एटीएम कार्ड
- 32 सिम कार्ड
जब्त किए गए हैं, जिन्हें ठगी में उपयोग किया गया था।
आरोपियों की पहचान
- स्टीफन उर्फ लक्की डेडन जो (30 वर्ष)
- मूल निवासी: अमिनबो, आइवरी कोस्ट (दक्षिण अफ्रीका)
- वर्तमान: चाणक्य पैलेस, जनकपुरी, नई दिल्ली
- किंग्सले (35 वर्ष)
- मूल निवासी: ओग्वु, अनंबरा, नाइजीरिया
- वर्तमान: चाणक्य पैलेस, जनकपुरी, नई दिल्ली
- जॉर्ज चुक्चुमेका
- मूल निवासी: ओनित्शा, असाबा, नाइजीरिया
- वर्तमान: ओम विहार, उत्तम नगर, नई दिल्ली
तकनीकी विश्लेषण से पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में एएसपी राहुल देव शर्मा और एसडीओपी आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। साइबर विश्लेषण और दिल्ली पुलिस के सहयोग से लोकेशन ट्रेस कर आरोपियों को दबोचा गया।
यह सफलता छत्तीसगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम से निपटने की सतर्कता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है। पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर अनजान विदेशी मित्रताओं से सतर्क रहने की अपील की है।



