
रायगढ़ न्यूज धमाका – रायगढ़ जिले के लाल टंकी बोहिदार पारा स्थित सुभाष आइस फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर भीषण विस्फोट हो गया। फैक्ट्री में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए ब्लास्ट में फैक्ट्री संचालक संजय सहगल (43 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे संजय सहगल फैक्ट्री में ग्राहकों को बर्फ देने पहुंचे थे। जैसे ही ग्राहक बर्फ लेकर बाहर निकले, उसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री मालिक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। पुलिस और एंबुलेंस को तत्काल सूचना दी गई। सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिटी कोतवाली टीआई सुखनंदन राठौर ने बताया, “प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ऑक्सीजन सिलेंडर का फटना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है, और ब्लास्ट के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।”
घायलों में अमन पटेल समेत तीन मजदूर शामिल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
फैक्ट्री के आसपास के कई घरों और दुकानों में भी ब्लास्ट की आवाज महसूस की गई, जिससे लोग दहशत में आ गए। इस हादसे ने क्षेत्र में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि शहर की सभी फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की तत्काल जांच कराई जाए।



