
रायपुर,न्यूज़ धमाका :- चार साल के बाद रायपुर पुलिस एक नए कलेवर में आई है। पूर्ववर्ती रमन सरकार में रायपुर पुलिस ने भूमि संबंधी अपराधों के लिए एक टीम का गठन किया था। तात्कालीन एएसपी स्वर्गीय आईएच खान इसके प्रभारी थे। बाद में लगातार शिकायत मिलने के बाद इस टीम को भंग कर दिया गया था।
जांच के साथ थाने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे
अब एक बार फिर से इस तरह के अपराधों की जांच के लिए टीम गठित की गई है। इसके साथ ही पुलिस की साइबर टीम, मोबाइल/डाटाबेस टीम और नारकोटिक्स टीम भी काम करेगी। यानि, रायपुर पुलिस ने कामकाज की सुविधा और अपराधों की प्रवृति के दृष्टिकोण से अपने विभाग को चार प्रमुख भागों में बांट दिया है।
आदेश जारी :-राज्य शासन के द्वारा रायपुर सहित प्रदेश के तीन जिलों में क्राइम ब्रांच के गठन के आदेश के बाद रायपुर पुलिस ने इस दिशा में काम करना शुरु कर दिया है। यहां एंटी क्राइम और साइबर यूनिट का गठन कर दिया गया है। एएसपी क्राइम अभिषेक माहेश्वरी इस टीम के प्रभारी होंगे। टीम के गठन के साथ चार अलग-अलग विंग बनाए गए हैं। इसमें विभिन्न थानों से 60 से अधिक पुलिस अधिकारियों को लिया गया है। मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
