रायपुरछत्तीसगढ

202 पदों पर भर्ती के लिए 2 हजार लोग: टूट पड़े बेरोजगार, फॉर्म के लिए छीना-झपटी; सीएमएचओ दफ्तर के बाहर बाइकों से भर गई सड़क

रायपुर न्यूज़ धमाका // कोई किसी को धक्का दे रहा था तो किसी को बाइक पार्क करने की जगह नहीं मिली। छोटे बच्चों के साथ आई महिलाएं भीड़ देखकर हड़बड़ा गईं, फॉर्म हासिल करना किसी जंग को जीतने से कम नहीं था। जब कर्मचारी आवेदन का फॉर्म लेकर आए तो भीड़ टूट पड़ी, लोगों ने कर्मचारियों के हाथ से फॉर्म छीनना शुरू कर दिया। कुछ फॉर्म फट भी गए। भीड़ में गुस्साए लोगों ने एक दूसरे के साथ झूमा-झटकी भी की। जहां तक नजर गई सिर्फ भीड़ दिखी, जिसमें हर कोई बस आगे जाकर काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ भी करने को तैयार था। ये हालात मंगलवार को रायपुर के चीफ मेडिकल ऑफिसर के दफ्तर के थे।

दरअसल, ये भीड़ बेरोजगार युवक-युवतियों की थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में 202 अस्थाई पदों पर मेडिकल और नॉन मेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है। मंगलवार को इस प्रक्रिया का पहला दिन था। इंटरव्यू देने के लिए बेरोजगारों की भीड़ टूट पड़ी। 2 हजार से ज्यादा की संख्या में लोग यहां पहुंच गए।

भीड़ को स्वास्थ्य विभाग का अमला संभाल न सका। कई बार फॉर्म और आवेदकों के रजिस्ट्रेशन कांउटर को बंद करना पड़ा। अब मंगलवार को होने वाले इंटरव्यू को टालकर इसे बुधवार को आयोजित किया जाएगा, पहले दिन सिर्फ युवक युवतियों को आवेदन फॉर्म दिए गए। ये फॉर्म भी करीब 500 लोगों को भीड़ की वजह से मिल ही नहीं पाए।

रोड में इस तरह से एक के बाद एक बाइक ही बाइक खड़ी थी।

रोड में इस तरह से एक के बाद एक बाइक ही बाइक खड़ी थी।

सोशल डिस्टेंसिंग का कोई इंतेजाम नहीं
रायपुर के स्वास्थ्य विभाग को इस भीड़ का अंदाजा था, मगर किसी तरह का इंतेजाम नहीं दिखा, जिससे भीड़ पर काबू पाया जा सके। जबकि खुद चीफ मेडिकल अफसर दफ्तर की निगरानी में शहर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाया जा रहा है। मगर भीड़ को यहां संभाला नहीं जा सका। कार्यालय के बाहर की सड़क बाइक से भर गई, जिससे जाम के हालात बने। खास बात ये है कि भर्ती कोविड ड्यूटी के लिए करवाई जा रही है, मगर यहां भीड़ की वजह से कोविड प्रोटोकॉल मजाक बन गया।

वॉक- इन इंटरव्यू के लिए इस तरह का विज्ञापन निकाला गया था।

वॉक- इन इंटरव्यू के लिए इस तरह का विज्ञापन निकाला गया था।

इन पदों पर होगी भर्ती
रायपुर का स्वास्थ्य विभाग 202 अस्थाई पदों पर भर्ती कर रहा है । इसमें 9000 से लेकर 200000 तक की सैलरी वाली जॉब है। इसे लेकर कोई आखिरी तारीख तय नहीं है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जब तक पदों पर योग्य कैंडिडेट नहीं मिलेंगे, भर्ती चलती रहेगी। चीफ मेडिकल अफसर के दफ्तर में हर दिन सुबह 11:00 बजे से 1:00 बजे तक इंटरव्यू लिए जाएंगे।

इसमें डॉक्टर, मेडिकल ऑफिसर, डेंटिस्ट, हॉस्पिटल मैनेजर, स्टोर इंचार्ज कम फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, हाउस-कीपिंग सुपरवाइजर, ऑक्सीजन टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, टेलीफोन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड जैसे पद शामिल है। 10वीं पास से लेकर MBBS और MD की शिक्षा हासिल कर चुके कैंडिडेट इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। एज कैटेगरी 18 से 64 साल तक रखी गई है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!