
31 अगस्त 2026 //
केशकाल न्यूज़ धमाका – केशकाल के ग्राम ओटेंडा में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के तत्वावधान में संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी का जन्मोत्सव एवं अलंकरण समारोह भव्य रूप से मनाया गया।
तुलसी मानस प्रतिष्ठान के तत्वावधान में ग्राम ओटेंडा में संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी का जन्मोत्सव एवं अलंकरण समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मानस प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिष्ठान से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा।
श्रीराम के आदर्शों से नई पीढ़ी को मिलेगी दिशा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर के पूर्व सांसद एवं तुलसी मानस प्रतिष्ठान के प्रदेश संरक्षक मोहन मंडावी रहे। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन एवं उनके द्वारा समाज को दिए गए संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि, आज के समय में युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और तुलसीदास जी की शिक्षाओं से जोड़ना आवश्यक है।
असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने की अपील
अपने संबोधन के दौरान मोहन मंडावी ने तुलसी मानस प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्य करने वालों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि, हम तुलसी मानस प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्य करने वाले लोकेश गायकवाड के खिलाफ कार्रवाई करने वाले हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रतिष्ठान की एकता और गरिमा को बनाए रखने की अपील की तथा ऐसे लोगों से सावधान रहने की बात कही।
संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने पर जोर
उन्होंने कहा कि, समाज को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है और स्पष्ट शब्दों में कहा कि, जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं। उन्होंने कहा कि, तुलसी मानस प्रतिष्ठान का उद्देश्य रामचरितमानस, मानस गायन और भारतीय संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ाना है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत किया जा सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने आयोजन समिति को दी बधाई
कार्यक्रम में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के प्रदेश उपाध्यक्ष हृदय लाल शोरी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने आयोजन समिति को तुलसी जन्मोत्सव एवं अलंकरण समारोह के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि तुलसीदास जी की रचनाएं समाज को धर्म, संस्कार, मर्यादा और मानवता का संदेश देती हैं।
तुलसी अलंकरण समारोह की दी जानकारी
हृदय लाल शोरी ने इस दौरान प्रदेश स्तरीय तुलसी अलंकरण समारोह के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मानस मंडलियों और मानस गायकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, गांव-गांव में रामचरितमानस की परंपरा को जीवित रखने में इन मंडलियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मानस मंडलियों की आकर्षक प्रस्तुति ने बांधा समां
समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची प्रदेश स्तरीय मानस मंडलियों की प्रस्तुति रही। मानस मंडलियों ने रामचरितमानस के प्रसंगों एवं भक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे मानस गायन आगे बढ़ता गया, पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
मानस परंपरा और संस्कृति के प्रति दिखी आस्था
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मानस मंडलियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और भगवान श्रीराम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी के जयकारों से आयोजन स्थल गूंज उठा। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, मानस मंडलियों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। तुलसी जन्मोत्सव एवं अलंकरण समारोह ने एक बार फिर क्षेत्र में मानस परंपरा, धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया।



