
जशपुर न्यूज धमाका – जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने शराब के नशे में पत्नी को लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना ग्राम उबका तेंदू पारा की है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मृतका की पहचान पूजा उर्फ संपत्ति केरकेट्टा (38 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी पति जॉन केरकेट्टा (39 वर्ष) से उसका प्रेम विवाह करीब 20 वर्ष पहले हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं।
क्या है पूरा मामला?
1 जुलाई को मृतका के पिता सावन विश्वकर्मा ने बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जून को जॉन और पूजा के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान जॉन ने पूजा के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार किया, जिससे वह गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उबका तेंदू पारा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
क्या बताया आरोपी ने?
पूछताछ में जॉन केरकेट्टा ने बताया कि वह धान ढोने के काम से लौटने के बाद घर पर मौजूद ₹1000 में से ₹500 की शराब पत्नी द्वारा पी लेने से नाराज़ था। इसी बात पर दोनों में बहस हुई। पत्नी ने डंडे से उस पर हमला किया, लेकिन जॉन ने डंडा छीनकर उसी से उस पर हमला कर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस कार्रवाई
जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।



