रायपुर,न्यूज़ धमाका :- राजधानी रायपुर के गोलबाजार आने वाले दिनों में तस्वीर बदल जाएगी।लेकिन यहां की दुकानों के मालिकाना हक पाने के लिए व्यापारियों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। यानि दुकान पाने के लिए निगम में पांच लाख रुपये से लेकर 10, 20, 40, 50 लाख के साथ एक करोड़ से अधिक रुपये जमा करना पड़ेगा।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी ने पेश किया प्लान
गोलबाजार को लेकर निगम और स्मार्ट सिटी ने मिलकर एक प्लान पेश किया, जिसके बाद दुकानों का मूल्यांकन कर दावा आपत्ति मंगाई थी। मालिकाना हक के पहले दुकानों की कीमत और विकास समेत अन्य शुल्क को लेकर निगम प्रशासन और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति है।20 से ज्यादा बैठकें होने के बाद भी अब तक सहमति नही बन पाई है, लिहाजा विवाद बढ़ने की संभावना है।
व्यापारियों ने लगाया मनमानी का आरोप गोलबाजार की दुकानों का मालिकाना हक देने का मामला गरमाता जा रहा है। गोलबाजार व्यापारी महासंघ ने रायपुर नगर निगम के अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए एक बैठक की। बैठक में उपस्थित सभी दुकानों के व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम प्रशासन जो विकास शुल्क ले रहा है,उसे अभी तक कम नहीं किया गया है और निर्माण शुल्क में भी कोई संशोधन अभी तक नहीं किया गया है।