
खैरागढ़ न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छुईखदान में हुई ज्वेलरी शॉप चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने वारदात में शामिल एक नाबालिग मास्टरमाइंड और उसके साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
यह चोरी 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात नगर के मुख्य चौक स्थित सोनी ज्वेलर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई थी। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे जेवरात चोरी कर लिए थे। दुकान संचालक परमेश्वर राम सोनी ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी।
CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्धों की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में प्रह्लाद निषाद उर्फ दादू (35 वर्ष), निवासी कंडरापारा छुईखदान, और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल हैं। दोनों ने चोरी के बाद जेवरों को गांव में छिपाकर रखा था।
बरामदगी
पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 4 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹6 लाख बताई जा रही है। बरामद सामान में पायल, कड़ा, बिछिया, बाजूबंद, करधन, चांदी के सिक्के, लाकेट और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ शामिल हैं।
तीसरा आरोपी फरार
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस चोरी के मामले को केवल 72 घंटे में सुलझाकर पूरे जेवरात बरामद कर लिए हैं।



