
नरसिंहपुर न्यूज़ धमाका /// जिले के करेली में नगर पालिका की टीम ने मुक्तिधाम के आस-पास किए गए अतिक्रमण को जेसीबी चलाकर हटवा दिया है. इस दौरान टीम को वहां मकान बनाकर रह रहे लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. महिलाओं ने कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस के सामने उनकी एक भी नहीं चली. खाली मकानों को तोड़ दिया गया और जिन मकानों में लोग रह रहे हैं, उन्हें हिदायत दी गई है.
दरअसल, श्मशान घाट के सामने सरकारी जमीन पर कब्जा कर अतिक्रमणकारी मकान बनाकर रह रहे हैं. नगर पालिका की टीम, पुलिस के साथ जेसीबी लेकर मकानों को तोड़ने पहुंची तो महिलाओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. उनका कहना है कि वो 50 साल से यहां रह रहे हैं. हमें शासन की योजना के अंतर्गत पट्टे भी नहीं दिए गए और न नगर पालिका ने कोई नोटिस दिया. अब हम इस ठंड में कहां जाएं. हालांकि नगर पालिका ने उन मकानों को तोड़ ही दिया है जिनमें कोई नहीं रह रहा था और अन्य अतिक्रमणकारियों को जल्द जगह खाली करने को कहा है.
इस पूरे मामले में नगर पालिका सीईओ का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर चुके हैं, लेकिन ये लोग जमीन खाली नहीं कर रहे हैं और यहां बहुत से ऐसे लोगों ने भी मकान बना लिए हैं जो किराये पर देकर दूसरी जगह रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ये मुहिम लगातार जारी रहेगी. अभी जो मकान खाली थे, उन्हें तोड़ा गया है. अतिक्रमण करने वालों को अतिक्रमण हटाने के लिए मौका दिया गया है. अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो मकानों को तोड़ने की कार्रवाई करेंगे.




