
दुर्ग,न्यूज़ धमाका :- धूप तेज होने के साथ ही पारा भी बढ़ने लगा है। मंगलवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। दिन का अधिकतम तापमान के साथ-साथ रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पारा और बढ़ेगा,इसके साथ ही गर्मी में और तेजी आएगी।
विगत सप्ताह मौसम खराब होने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई थी। लेकिन पिछले दो दिनों से धूप तेज होने के साथ ही अधिकतम तापमान फिर बढ़ने लगा था।
मंगलवार को दुर्ग का अधिकतम तापमान बढ़कर 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को रात का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सोमवार की तुलना में करीब एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालाकि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम होना बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मार्च महीने में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचा है।
सुबह से तेज रही धूप
मंगलवार को सुबह से ही धूप तेज रही। दोपहर 12 बजे के आसपास गर्म हवाएं चलने लगी। तेज गर्मी की वजह से मंगलवार दोपहर सड़कों पर लोगों की आवाजाही अन्य दिनों के बनिस्बत कम देखने को मिली। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को भी आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। इसके साथ ही अधिकतम व न्यूनतम तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है।