मैनपुर,न्यूज़ धमाका :- नगर समेत ग्रामीण इलाकों में सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी आयु के लिए वट सावित्री का व्रत मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर पूजा सामग्री लेकर वट वृक्ष की पूजा अर्चना कर रक्षा सूत्र बांध परिक्रमा कर अपने पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना किए। सुबह से तालाब किनारे स्थित वट वृक्ष के पास व्रती महिलाएं इकट्ठा होकर पूजा अर्चना कर वट सावित्री व्रत का कथा श्रवण किए।
मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने व कथा श्रवण करने से व्रती महिलाओं को पति की लंबी आयु का वरदान प्राप्त होते हैं इन्हीं मान्यताओं के चलते सच्ची आस्था एवं विश्वास के साथ हर वर्ष महिलाए अपने पति की लंबी आयु के लिए सोमवती अमावस्या को वट सावित्री का व्रत रखते हैं। नगर के पुरोहित पंडित योगेश शर्मा ने बताया कि इस दिन परंपरा अनुसार सुहागिनें स्त्री पुराने वट (बरगद) वृक्ष की पूजा कर उसे पीले धागे से बांधकर उसका फेरा लगाती हैं।
पुराणों के अनुसार वट सावित्री के ही दिन सती ने यमराज से अपने पति के प्राण बचाकर लाए थे। आज व्रती महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर कच्चा सूत, सिन्दुर, बरगद फल, प्रसाद थाली मे सजाकर वट वृक्ष के नीचे पहुंची और विधि विधान से पूजा अर्चना कर व्रत खोला। नगर के दुर्गा मंदिर परिसर, जाड़ापदर, हरदीभाठा, जिड़ार, इंदागांव, तौरेंगा सहित अंचल में आज वट सावित्री पर्व पर महिलाओं द्वारा विशेष पूजा अर्चना परिक्रमा की गई।