देश

दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट दुुनिया में फैलने लगी इजरायल में मिला पहला केस, कई देशों ने ट्रैवल पर लगाया बैन

रायपुर न्यूज़ धमाका /// दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के B.1.1.529 वैरिएंट ने दुनिया भर में हड़कंप मचा दिया है। अभी दुनिया भर के देश इससे सावधान भी नहीं हुए थे, कि इसने फैलना शुरु कर दिया। इजरायल में इस खतरनाक नए वेरिएंट का पहला मामला दर्ज किया गया है। इजरायल के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि मलावी (अफ्रीकी देश) से यात्रा करके आए एक व्यक्ति को नए वेरिएंट से पॉजिटिव पाया गया है। इसके अलावा दो अन्य यात्रियों का भी इससे संक्रमित होने का संदेह है। परेशानी की बात ये है कि संक्रमित लोगों का कोविड टीकाकरण पूरा हो चुका था। इजरायल के प्रधानमंत्री ने ताजा हालात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि हम एक आपातकालीन स्थिति के मुहाने पर हैं। आपको बता दें कि इजरायल दुनिया के उन चुनिंदा देशों में से है, जिसने सबसे पहले लगभग 100 फीसदी आबादी का कोविड वैक्सीशन लक्ष्य हासिल कर लिया है।

इजरायल ने कई देशों के यात्रियों पर लगाये प्रतिबंध

नए वेरिएंट का पता चलने के फौरन बाद इजरायल ने सात अफ्रीकी देशों के यात्रियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान कर दिया। इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट और स्वास्थ्य मंत्री नित्जन होर्विट्ज ने गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका, लेसोथो, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, मोजाम्बिक, नामीबिया और इस्वातिनी को ‘रेड लिस्ट’ वाले देशों के तौर पर सूचीबद्ध करने का फैसला लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है, ‘इन देशों के लोग इजरायल में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।’ वहीं इन देशों की यात्राओं से स्वदेश लौटने वाले इजरायली नागरिकों को सात दिनों के लिए क्वारंटीन में रहना होगा, फिर भले ही उनका पूरा टीकाकरण हो गया हो। इन लोगों का क्वारंटीन तभी खत्म होगा, जब इनकी पीसीआर रिपोर्ट दो बार निगेटिव आएगी।

यूरोपीय देश भी लगाने जा रहे हैं पाबंदी

इटली ने नए कोविड वेरिएंट से बचाव के लिए दक्षिणी अफ्रीका से आने वाले लोगों पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। ये प्रतिबंध उन लोगों के प्रवेश पर है, जो दो सप्ताह के भीतर दक्षिण अफ्रीका, लेसोथो, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, मोजाम्बिक, नामीबिया या स्वाजीलैंड की यात्रा पर गए हैं। उधर, यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने भी एक बयान में कहा कि उन्होंने ‘सदस्य देशों को दक्षिण अफ्रीका से हवाई यात्रा रोकने का प्रस्ताव दिया है।’ जर्मनी और ऑस्ट्रिया भी उन लोगों के लिए सीमा बंद करनेवाले हैं, जो हाल ही में दक्षिण अफ्रीका और 6 अन्य देशों में गए हैं। उधऱ फ्रांस ने दक्षिण अफ्रीका से आनेवाली सभी फ्लाइट्स पर 48 घंटे के लिए रोक लगा दी है।

WHO ने बुलाई विशेष बैठक

B.1.1.529 वेरिएंट को लेकर दुनिया भर की चिंताओं के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार को एक विशेष बैठक बुलाई है। इस बैठक में फैसला लिया जाएगा कि बहुत अधिक बदलाव से विकसित हुए इस वेरिएंट को ‘चिंतित करने वाले वेरिएंट’ की सूची में डाला जाए या नहीं। संगठन की एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि अबतक मिली जानकारी के मुताबिक यह वेरिएंट सबसे अधिक बदलाव की वजह से उत्पन्न हुआ है, और इस वजह से खतरनाक हो सकता है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!