रायपुर,न्यूज़ धमाका :-छत्तीसगढ़ में पूर्वोत्तर संस्कृति का दर्शनीय कार्यक्रम शनिवार से शुरू हो रहा है। इसमें आठ राज्य के 250 कलाकार प्रस्तुति देंगे। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र नागपुर संस्कृति मंत्रालय, संचालनालय संस्कृति एवं पुरातत्व छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में पांच से आठ तक भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की संस्कृति (नृत्य, शिल्प, व्यंजन परंपरा) कार्यक्रम आक्टेव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सुबह 11 बजे करेंगे।
पूर्वोत्तर के आठ राज्य, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा की पारंपरिक संस्कृति के प्रोत्साहन, संवर्धन के लिए संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के आक्टेव कार्यक्रम का आयोजन देश के कई हिस्सों में किया जाता है। इस आयोजन में पूर्वोंत्तर राज्यों के लगभग 250 कलाकार राज्यों के सांस्कृतिक नृत्यों की मंचीय प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मेला क्षेत्र में पूर्वोंत्तर के आकर्षक एवं उपयोगी हस्तशिल्पों, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल लगाए जाएंगे।
इन नृत्यों की प्रस्तुति
सांस्कृतिक नृत्यों में मणिपुर का ढोल चोलम, पुंग चोलम नृत्य, लाई हरोबा, शौर्य का नृत्य थांगटा, असम का रंगीला बिहू, भोरताल, बारडोली शिखला, ढाल ठुमरी, त्रिपुरा के होजागीरी, सांगराइ मोंग, नागालैंड का खुपलिली, रोइना नृत्य, मेघालय के वान्गला, का शाद, मस्तेह, अरुणाचल प्रदेश के जुजु-जाजा, रिखामपदा नृत्य, मिजोरम के चेराव, खुल्लम नृत्य, सिक्किम का प्रसिद्ध याक नृत्य सिंगी छाम की प्रस्तुति होगी।
पूर्वोंत्तर राज्यों के व्यंजन का उठा सकते लुत्फ
कार्यक्रम में पूर्वोंत्तर राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन का आनंद उठा सकते है। हस्तशिल्प में नागा हैंडलूम, ड्राय फ्लावर, वूडन क्राफ्ट, बाम्बू क्राफ्ट आदि प्रदर्शनी और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मंचीय प्रस्तुति शाम छह बजे से
मंचीय प्रस्तुतियां शाम छह से रात 10 तक रहेगी। मेला सुबह 11 बजे से रात तक रहेगी। मालूम हो कि कार्यक्रम दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में कार्यरत सात क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों में से एक है, जिसका मुख्यालय नागपुर में है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक राज्य इस केंद्र के सदस्य राज्य हैं।
