उत्तरप्रदेशदेश

नहीं रहे मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

उतरप्रदेश,न्यूज़ धमाका :- समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे।यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अनेक नेताओं ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सपा के आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में सपा अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव के हवाले से इसकी जानकारी दी गई।

अखिलेश ने ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।’’

मुलायम सिंह यादव अगस्त से अस्पताल में भर्ती थे और उन्हें दो अक्टूबर को निम्न रक्तचाप और ऑक्सीजन की कमी की शिकायत पर अस्पताल के आईसीयू में स्थानांतरित कर दिया गया था और तब से वह जीवन रक्षक दवाओं पर थे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ट्वीट कर यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्री रहते हुए मेरा मुलायम सिंह यादव जी से कई बार संवाद हुआ। यह करीबी रिश्ता जारी रहा और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था। उनके निधन से मुझे पीड़ा हुई है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सिलसिलेवार ट्वीट में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।’’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सभी से अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने ट्विटर पर अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।’’

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘सपा के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।’’

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!