जशपुर नगर,न्यूज़ धमाका :- मामले में भाजपा के स्थानीय नेताओं के नगर बंद के आह्वान पर यहां के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर उनका समर्थन किया है। वट सावित्री पूजन के दौरान महिलाओं से नशे में धूत एक युवक द्वारा अशोभनीय हरकत करने का मामला तूल पकड़ने लगा है।
महिलाएं आरोपित को जिला बदर करने की मांंग कर रहीं है। आरोपित को पुलिस ने धारा 295 के तहत अपराध दर्ज करते हुए मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुरनानगर के रानी बगीचा क्षेत्र निवासी महिलाओं के मुताबिक सोमवार की दोपहर लगभग दो बजे वह वट सावित्री की पूजा कर रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और अशोभनीय हरकत करने लगा। महिलाओं ने उसकी इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए उसे डांट कर भगाने लगी।
महिलाओं का आरोप है कि इससे आक्रोशित आरोपित आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए मौके से भाग गया। कुछ देर बाद वह पुनः आया और उसी तरह की अशोभनीय हरकत करने लगा। इससे महिलाएं पूजा नहीं कर सकीं और अपने घर लौट गई। रात को लगभग आठ बजे मामला फिर से गर्म होने लगा और महिलाएं भाजपा नेत्री के साथ सिटी कोतवाली पहुंची गई।
यहां महिलाओं ने आरोपित के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने नसीम पिता नजीर के खिलाफ धारा 295 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया ।
मुस्लिम समाज ने जताया खेद
पुरनानगर में हुई इस घटना पर खेद जताते हुए मुस्लिम समाज के सदर महबूब अंसारी ने कहा कि आरोपित युवक नसीम पिता नाजिर का समाज से कोई वास्ता नहीं है। उनका परिवार समाज के बीच नहीं रहता है। नशे की हालत में की गई अशोभनीय हरकत की जितनी निंदा की जाए कम है। आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जशपुर धार्मिक सौहार्द्र के लिए जाना जाता है, ऐसी हरकतों से पूरा समाज बदनाम होता है। आरोपित को जिलाबदर करने की जिला प्रशासन से मांग करेंगे।