
इंदौर न्यूज़ धमाका // चार साल की बच्ची के साथ उसके निर्दयी फूफा ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गिनती नहीं बोलने पर उसे कुल्हाड़ी के हत्थे से बुरी तरह पीटा गया। पूरे शरीर पर जख्म पड़ गए और कान का पर्दा फट गया। स्वजनों ने बुधवार को थाने पहुंच कर इसकी शिकायत की और आरोपित फूफा के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।
शहर के गांधी नगर थाना पुलिस के मुताबिक महेश करकी निवासी देपालपुर की चार वर्षीय बच्ची वसकन्या करीब आठ दिन पूर्व सावलियाखेड़ी गांधी नगर में रहने वाली बुआ हेमलता के घर गई थी। बुधवार को हातोद में एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में पता चला वसकन्या के पूरे शरीर पर जख्म है। उसके कान से खून निकल रहा है। पूछने पर बच्ची ने बताया कि उसे फूफा चेतन ने पीटा था।
वसकन्या ने बताया कि फूफा चेतन ने 13 दिसंबर को गिनती बोलने के लिए बुलाया था। वह गिनती नहीं बोल पाई तो फूफा ने उसके साथ मारपीट की। कुल्हाड़ी के हत्थे से बुरी तरह पीटा। उसे चांटा मारा जिससे कान का पर्दा फट गया। पूरा मामला सामने आने के बाद महेश वसकन्या को थाने ले गया और चेतन के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।
पत्नी खुद पहुंची थाने– महेश के मुताबिक बहन हेमलता ने बताया उसने वसकन्या को बचाने की खूब कोशिश की, लेकिन चेतन ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। बुधवार को वह खुद भाई महेश के साथ थाने गई और पति चेतन पर केस दर्ज करवाया। पुलिस के मुताबिक बच्ची का मेडिकल भी करवाया गया है। पुलिस मामले में धाराएं बढ़ाएगी।