छत्तीसगढभिलाई

मिशन 2023 के लिए बीजेपी ने कसी कमर:भिलाई विधानसभा और लोकसभा के प्रभारी, सह प्रभारी तय; सरोज पांडेय के समर्थकों को मिली जिम्मेदारी

भिलाई न्यूज़ धमाका // हाल ही में हुए खैरागढ़ विधानसभा के उप चुनाव और भिलाई निगम चुनाव में मिली करारी हार के बाद भाजपा ने अभी से मिशन 2023-24 विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। बीजेपी ने भिलाई में विधानसभा और लोकसभा के लिए प्रभारी, सह-प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। बीजेपी के दुर्ग जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू को दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में रिसाली का जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडलों की बात करें तो सभी जगह सरोज पांडेय के समर्थकों को जिम्मेदारी दी है। वहीं सांसद विजय बघेल, विधायक विद्यारतन भसीन और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय समर्थकों को कामकाज से दूर रखा गया है।

लोकसभा चुनाव की बात करें या विधानसभा। छत्तीसगढ़ में मिशन-2023-2024 के लिए अब काफी कम समय बचा है। जिस तरह सभी उप चुनाव और निगम चुनाव में कांग्रेस भाजपा को पटखनी दे रही है उससे भाजपा आगामी मिशन में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। यही कारण है कि अभी से पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है। भाजपा भिलाई संगठन ने हर एक मंडल के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है। भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र साहू की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में 10 मंडलों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों के नाम हैं। इसके अलावा कई और नेताओं को अलग-अलग मंडल में कामकाज देखने के लिए रखा गया है।

मिशन 2023-2024 में बढ़ सकता है सरोज का कद

जिलाध्यक्ष द्वारा जारी किए गए आदेश में सभी 10 मंडलों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी के नाम दिए गए हैं। मंडलों की जिम्मेदारी जिन्हें भी दी गई है वह सभी राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और उनके छोटे भाई राकेश पांडेय के समर्थक हैं। दोनों नेताओं के समर्थकों को सभी जगहों पर जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दूसरी तरफ सांसद विजय बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय और वैशालीनगर से जिले के इकलौते भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन के समर्थकों का नामों-निशान तक नहीं है।

कई कार्यकर्ताओं में निराशा

सांसद विजय बघेल, प्रेमप्रकाश पांडेय और भसीन के समर्थकों का नाम अहम जिम्मेदारी वाली सूची में न होने से वह सब निराश हो गए हैं। सभी ने आगामी विधानसभा चुनाव में नई जिम्मेदारी मिलने के लिए कमर कसी थी, लेकिन वैसा नहीं हुआ। चर्चा यह भी है कि पार्टी इन नेताओं के समर्थकों को भी जिम्मेदारी देगी, क्योंकि वह जिले के नेताओं की फूट को बढ़ाना नहीं चाहती। अगर यह फूट बढ़ी तो फिर से भाजपा को यहां करारी हार का सामना करना पड़ सकता है।

इन्हें दी गई अहम जिम्मेदारी

  1. पूर्व मंडल का प्रभारी रामगोपाल शर्मा को बनाया गया है। वहीं रामउपकार तिवारी सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
  2. पश्चिम मंडल की जिम्मेदारी भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह को दी गई है। सरोज के करीबियों में सत्येंद्र का जिक्र होता है। मंजूशा साहू को सह-प्रभारी बनाया गया है।
  3. रिसाली मंडल की जिम्मेदारी खुद भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू संभालेंगे। रिसाली दुर्ग ग्रामीण विधानसभा का सबसे बड़ा क्षेत्र है। साहू बाहुल्य होने की वजह से वीरेंद्र ने खुद यह जिम्मेदारी ली है। सह-प्रभारी के रूप में रामप्यारी वर्मा होंगी।
  4. सुपेला मंडल की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद जामुल के अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर के दी गई है। त्रिलोचन सिंह सह-प्रभारी रहेंगे।
  5. वैशालीनगर मंडल की जिम्मेदारी खुर्सीपार के पूर्व मंडल अध्यक्ष भूषण अग्रवाल को दी गई है। भूषण की व्यापारी वर्ग में अच्छी पकड़ है। उनके साथ कोसानगर में रहने वाले मनोज तिवारी सह-प्रभारी बनकर काम करेंगे।
  6. कैंप मंडल की जिम्मेदारी अवधेश चौहान संभालेंगे। पूर्व कोषाध्यक्ष अर्जुन सचदेवा सह-प्रभारी का काम करेंगे।
  7. खुर्सीपार मंडल की जिम्मेदारी भाजपा नेता प्रमोद अग्रवाल को दी गई है। यहां के सह-प्रभारी संतोष सिंह होंगे।
  8. जामुल मंडल की जिम्मेदारी पुरुषोत्तम देवांगन को दी गई है। भाजपा के मीडिया प्रभारी सुभाष शर्मा सह-प्रभारी रहेंगे।
  9. चरौदा मंडल की जिम्मेदारी कुम्हारी मंडल के पूर्व अध्यक्ष और मौजूदा पदाधिकारी राकेश पांडेय को दी गई है। उनके साथ सह-प्रभारी के रूप में योगेश साहू रहेंगे।
  10. कुम्हारी मंडल की जिम्मेदारी पुखराज जैन को दी गई है। उनके साथ गौरीशंकर सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगे।

मंडल के कामों की मॉनीटरिंग करेंगे ये नेता

जिलाध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने बताया की सभी मंडल की जिम्मेदारी अलग-अलग भाजपा पदाधिकारियों को दी गई है। यह लोग यहां संगठन की मजबूती को लेकर काम करेंगे। इनके कार्यों की मॉनीटरिंग के लिए सीनियर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। जिला महामंत्री शंकरलाल देवांगन को पूर्व मंडल, पश्चिम मंडल, रिसाली मंडल, चरौदा मंडल और कुम्हारी मंडल की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह मारकंडे तिवारी सुपेला मंडल, वैशालीनगर, जामुल मंडल, कैंप मंडल और खुर्सीपार मंडल के कामकाज पर नजर रखेंगे।

CG SADHNA PLUS NEWS

Chhattisgarh News Dhamaka Team

स्टेट हेेड छत्तीसगढ साधना प्लस न्यूज ( टाटा प्ले 1138 पर ) , चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // जिला उपाध्यक्ष प्रेस क्लब कोंडागांव ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता // हमारे YOUTUBE चैनल से भी जुड़ें CG SADHNA PLUS NEW

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!