
भिलाई न्यूज धमाका – दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सुपेला थाना, स्मृति नगर चौकी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के गोंदिया से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल और टेबलेट जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क के चार आरोपी पहले से ही जेल में हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र बुधवानी उर्फ जीतू (32 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, गोंदिया (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से कुल ₹3,18,000 की कीमत की नशीली दवाएं बरामद की गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
- SPAS-TRASCEN-PLUS कैप्सूल: 79 डिब्बे, 1422 स्ट्रिप्स, कुल 11,376 नग
- Alprazolam-0.5 टैबलेट: 20 डिब्बे (प्रत्येक में 8 स्ट्रिप), कुल 1200 नग
- PROXIOHM SPAS कैप्सूल: 29 डिब्बे, 522 स्ट्रिप्स, कुल 4176 नग
पुलिस ने बताया कि आरोपी जितेन्द्र इस नेटवर्क का अहम हिस्सा था, जो युवाओं के बीच नशीली दवाएं बेचने के काम में लिप्त था। मामले में पहले से गिरफ्तार संतोष चंद्राकर, सोमनाथ पांडेय, लिंगराज उर्फ सोनू यादव और मनीषा मखीजा जेल में हैं।
मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 640/2025, धारा 22, 8(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में कोर्ट में पेश कर चुकी है।
कार्रवाई में इन अधिकारियों का रहा योगदान
उप निरीक्षक गुरुविंदर सिंह संधु, एसीसीयू एएसआई संतोष कुमार सिंह, प्रआर आत्मानंद कोसरे, आरक्षक जुगन सिंह, संतोष सिंह और कमल की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रग माफिया के खिलाफ ‘एंड टू एंड’ कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।


