
रायपुर न्यूज़ धमाका // छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू होने जा रहा है. इस बार शीतकालीन सत्र में पांच बैठकें होंगी. वर्तमान सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है. छत्तीसगढ़ विधानसभा का 12वां सत्र 13 दिसंबर से शुरू होकर 17 दिसंबर तक चलेगा. सत्र में अनुपूरक बजट समेत कई विधेयकों पर चर्चा होगी. इस बार विधानसभा का सत्र काफी हंगामेदार होने वाला है, क्योंकि बारदाने की कमी, धर्मांतरण और शराबबंदी पर घमासान होने के आसार दिख रहे हैं.
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू होने जा रहा है. शीतकालीन सत्र को लेकर सरकार और विपक्ष की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. विपक्ष सरकार को घेरने के लिए सवालों की झड़ी लगा देगा, वहीं सरकार ने भी जवाब देने की तैयारी पूरी कर ली है. ऐसे में शीतकालीन सत्र में हंगामे के आसार हैं.
इन मुद्दों पर होगा हंगामा– छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कई मुद्दों पर हंगामा होने के आसार हैं. दरअसल सत्र के दौरान झीरम घाटी मुद्दे पर नए जांच आयोग के गठन का मामला जोर पकड़ सकता है. इसके अलावा धान खरीदी और मिड डे मील में रेडी टू ईट योजना को लेकर विपक्ष सरकार को घेर सकता है.

