
20 अगस्त 2026 //
रायपुर न्यूज़ धमाका – शराब दुकानों में ओवररेटिंग, थोक बिक्री और भ्रष्टाचार के मामलों में आबकारी आयुक्त ने बलौदाबाजार व धमतरी समेत तीन उपनिरीक्षकों को निलंबित किया।
शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों के विपरीत थोक में शराब बेचने के मामलों को लेकर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने कार्रवाई करते हुए दो आबकारी उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। वहीं, भ्रष्टाचार के एक मामले में आरोपी आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग के खिलाफ EOW-ACB द्वारा कोर्ट में चालान पेश किए जाने के बाद विभाग ने भी सख्त कदम उठाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार के आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव को शराब दुकानों में ओवररेटिंग के मामले में निलंबित किया गया है। वहीं धमतरी के आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य पर शराब को नियमों के विपरीत थोक में बेचने के मामले में निलंबन की कार्रवाई की गई है।
संतोष नारंग के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश
इसके अलावा आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में EOW-ACB ने न्यायालय में चालान पेश किया था। चालान पेश होने के बाद आबकारी आयुक्त ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए संतोष नारंग को भी निलंबित कर दिया।
आबकारी विभाग में मचा हड़कंप
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शराब दुकानों में नियमों की अनदेखी और अनियमितताओं को लेकर विभाग के भीतर हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि शराब बिक्री में निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



