रायपुरछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नवा रायपुर के रिसॉर्ट पहुंच हरियाणा के विधायकों से की बात,राजीव शुक्ला ने कहा:-चिंतन शिविर के बाद ट्रेनिंग दे

रायपुर,न्यूज़ धमाका :- राज्यसभा चुनाव के लिए हरियाणा की सारी राजनीतिक सरगर्मी छत्तीसगढ़ के रायपुर में केंद्रित हो रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार रात नवा रायपुर के रिसॉर्ट पहुंचकर हरियाणा के विधायकों से बात की। इस दौरान सांसद राजीव शुक्ला भी वहां मौजूद रहे। मंगलवार को शक्ति सिंह गोहिल भी रायपुर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नवनिर्वाचित सांसद राजीव शुक्ला को हरियाणा का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

राज्यसभा चुनाव के दौरान हरियाणा और गुजरात में भाजपा समर्थित निर्दलियों से कांग्रेस को चुनौती मिल रही है। खतरा अपने ही विधायकों की क्रास वोटिंग का है। इससे बचने के लिए विधायकों की रायपुर में बाड़ेबंदी की गई है। सोमवार को राजीव शुक्ला दिल्ली से सीधे रायपुर आए और विधायकों से मिलने पहुंच गए। बताया जा रहा है कि रात 9 बजे के करीब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हरियाणा के विधायकों से मिलने पहुंचे। उन्होंने वहां कुछ देर उन लोगों से बात की, उसके बाद वे वापस लौट आये।

इससे पहले रायपुर हवाई अड्‌डे पर पत्रकारों से चर्चा में राजीव शुक्ला ने जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, हर हालत में हरियाणा में हमारी जीत होगी। वहां हमारे पूरे विधायक हैं। उन्होंने कहा, BJP हमेशा खरीद-फरोख्त और हॉर्स ट्रेडिंग की फिराक में रहती है। वे लोग सफल नहीं होेंगे। हम लोग निश्चित रूप से जीतेंगे। यह सीट हमारे पास आएगी। राजीव शुक्ला ने दावा किया कि जो तीन विधायक हरियाणा से यहां नहीं आए हैं वे भी अपने साथ हैं। वे ऐसे विधायक नहीं हैं जो पार्टी लाइन से इधर-उधर हों। वे भी पार्टी लाइन के साथ हैं और अपना काम कर रहे हैं।

आज शक्ति सिंह गोहिल लाएंगे राजनीतक संदेश

मंगलवार को दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी और राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल भी रायपुर पहुंच रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे 1.45 बजे की नियमित उड़ान से रायपुर पहुंचेंगे। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद वे नवा रायपुर के रिसॉर्ट जाकर हरियाणा कांग्रेस के विधायकों-पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वे वहां करीब 3-4 घंटे रहने वाले हैं। उनको रात 8.20 की उड़ान से दिल्ली वापस जाना है। बताया जा रहा है कि गोहिल, हाईकमान का कोई महत्वपूर्ण संदेश लेकर आ रहे हैं।

यहां प्रशिक्षण शिविर चल रहा है

राजीव शुक्ला ने सोमवार को कहा, यहां पर हरियाणा के विधायकों का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। उदयपुर के चिंतन शिविर के बाद ऐसा शिविर लगाकर उनको ट्रेनिंग दे रहे हैं। उसी मे मैं भी आया हूं। दो जून को मंत्री रविंद्र चौबे ने भी हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को लेकर ऐसा ही बयान दिया था।

2 जून से रायपुर आए हैं हरियाणा के विधायक

हरियाणा कांग्रेस के 28 विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों का जत्था 2 जून से ही रायपुर में है। इन विधायकों को नवा रायपुर के एक रिसॉर्ट में भारी सुरक्षा के बीच ठहराया गया है। वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आना-जाना जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 2 जून को ही नेताओं से मिलने रिसॉर्ट गए थे।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!