
सूरजपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों को कुचल दिया। गोंदा गांव, जो अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर स्थित है, वहां हुए इस दर्दनाक हादसे में 6 गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे के बाद चालक फरार, ट्रक जब्त
घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक को प्रतापपुर पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
19 गायें थीं सड़क किनारे, 6 की मौत
स्थानीय किसान सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि हादसे के वक्त सड़क किनारे कुल 19 गायें बैठी थीं। ट्रक की चपेट में आने से 6 गायों की मौके पर मौत हो गई और कई घायल हुईं हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। हादसे से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
ग्रामीणों में नाराजगी, प्रशासन से मुआवज़े की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जमा होकर प्रशासन से मवेशियों के लिए मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही जानवरों व राहगीरों के लिए खतरा बनती जा रही है।
पुलिस कर रही कार्रवाई
प्रतापपुर थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक का नंबर नोट कर लिया गया है, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सड़क पर गश्त और निगरानी बढ़ाने के आदेश भी दिए गए हैं।



