
नारायणपुर न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ जंगल में सुरक्षाबलों ने अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन अंजाम दिया है। इस मुठभेड़ में नक्सल संगठन का महासचिव और पोलित ब्यूरो सदस्य बसवा राजू मारा गया। उस पर 1.5 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
27 नक्सली मारे गए, हाईटेक हथियार जब्त
सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 27 नक्सलियों को ढेर किया गया, जिनमें कई वरिष्ठ कैडर के माओवादी भी शामिल हैं। मौके से एके-47 राइफल सहित कई आधुनिक हथियार और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है।
एक जवान की शहादत
मुठभेड़ के दौरान एक जवान शहीद हो गया है। फिलहाल शहीद जवान की पहचान उजागर नहीं की गई है।
बहु-जनपदीय संयुक्त ऑपरेशन
मिली जानकारी के अनुसार, माड़ डिवीजन में नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव जिले के DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और अन्य बलों की संयुक्त टीम ने अबूझमाड़ क्षेत्र में ऑपरेशन शुरू किया था।
फायरिंग के दौरान भयंकर मुठभेड़
जंगल में जवानों की मौजूदगी देखते ही माओवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए कई घंटे चली रुक-रुक कर फायरिंग में भारी संख्या में नक्सलियों को मार गिराया।
बसवा राजू: रणनीतिकार और हथियार आपूर्तिकर्ता
बसवा राजू, नक्सल नेता गणपति के बाद संगठन का संचालन कर रहा था। वह नक्सल रणनीति बनाने और हथियारों की आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। कई राज्यों की पुलिस को उसकी तलाश थी।
पहचान जारी, मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन
फिलहाल मारे गए माओवादियों की पहचान की जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी ऑपरेशन के समापन के बाद दी जाएगी।



