
बेमेतरा न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़: जिले की दिव्यांग महिला विमला पटेल ने समाज कल्याण विभाग द्वारा दी गई ट्राईसाइकिल की खराब गुणवत्ता के चलते कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, महिला को लगभग एक माह पहले समाज कल्याण विभाग के माध्यम से ट्राईसाइकिल प्रदान की गई थी। लेकिन खराब क्वालिटी के कारण यह केवल दो दिनों में ही टूट गई। मजबूरी में महिला ने पड़ोसियों से कर्ज लेकर 1500 रुपए भाड़ा खर्च कर अपनी ट्राईसाइकिल ऑटो रिक्शा में लादकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचाई।
विमला पटेल ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि ट्राईसाइकिल की गुणवत्ता की जांच कर नई और टिकाऊ ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार आवश्यक है, ताकि ऐसे मामलों को दोबारा न दोहराया जाए।
इस मामले ने विभाग की कार्यप्रणाली और दिव्यांगों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
