
कांकेर न्यूज धमाका – बस्तर संभाग का प्रसिद्ध मलांजकुड़ुम जलप्रपात एक बार फिर हादसे का गवाह बना। शनिवार को यहां पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के युवकों के ग्रुप में से एक युवक की पैर फिसलने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक रायपुर से आए छह युवक जलप्रपात का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को शाम तक बरामद कर लिया गया।
हादसों का इतिहास
स्थानीय लोगों के अनुसार, मलांजकुड़ुम जलप्रपात में इस तरह की दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। यहां की गहराई का सही अंदाज़ा न लगा पाने और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण पर्यटक हादसों का शिकार हो जाते हैं। प्रशासन और वन विभाग की ओर से चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन लापरवाही के चलते जान गंवाने की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं।
प्राकृतिक सौंदर्य और खतरा साथ-साथ
मलांजकुड़ुम जलप्रपात दूध नदी पर स्थित है और तीन चरणों में गिरता है। इसका पहला चरण करीब 60–65 फीट, दूसरा 40–45 फीट और तीसरा 20–25 फीट ऊंचा है। मानसून के मौसम में यहां हर साल हजारों सैलानी पहुंचते हैं, लेकिन इस खूबसूरत जगह पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम न होने से हादसों का खतरा लगातार बना रहता है।



