
रायपुर न्यूज धमाका – राजधानी में बढ़ते अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण को लेकर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने जोन कमिश्नरों को कड़ी चेतावनी दी है। कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में हुई बैठक में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध निर्माण, अतिक्रमण या प्लाटिंग की शिकायत आती है, तो जोन कमिश्नर, राजस्व अधिकारी और नगर निवेश विभाग के अधिकारी सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे।
शहरी समस्याओं पर सख्त रवैया
कलेक्टर ने कहा कि शहर की व्यवस्थाएं बनाए रखना जोन कमिश्नरों की जिम्मेदारी है। वे अपने वार्डों का नियमित निरीक्षण करें और जलभराव, यातायात जाम, गुमटी कब्जा जैसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि:
- स्कूलों के बाहर अवैध गुमटियों को हटाया जाए।
- ट्रांसफार्मर के नीचे झाड़ियों की सफाई प्राथमिकता से हो।
- अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखें।
- राज्य प्रवर्तित योजनाओं को तेज गति से लागू करें।
समन्वय और निगरानी पर जोर
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यातायात और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस और बिजली विभाग (CSEB) के साथ समन्वय बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ निर्देश देने से नहीं, मौजूद रहकर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम रायपुर के कमिश्नर विश्वदीप, बिरगांव नगर निगम के कमिश्नर युगल किशोर, और दोनों नगर निगमों के जोन कमिश्नर उपस्थित थे।
