
बालोद न्यूज धमाका – छत्तीसगढ़ के बालोद ज़िले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक एवं अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में एक सरकारी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन आदेश जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा जारी किया गया, जो कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश के बाद हुआ।
शिकायत पर हुआ संज्ञान, कार्रवाई में तेजी
बताया जा रहा है कि भाजपा नेताओं ने शिक्षक भोजराम सिन्हा, सहायक शिक्षक एलबी (शासकीय प्राथमिक शाला, बासीन – विकासखंड गुरुर) के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने फेसबुक पर प्रधानमंत्री के विरुद्ध अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का उपयोग किया था।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने शिक्षक के कृत्य को “सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन” मानते हुए डीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिक्षक ने स्वीकार की गलती, फिर भी निलंबन
डीईओ द्वारा भेजे गए कारण बताओ नोटिस के जवाब में भोजराम सिन्हा ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न करने की क्षमा याचना भी की। लेकिन शासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
उनका आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 (1)(2)(3) और सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के अंतर्गत गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया।
निलंबन अवधि में मुख्यालय तय
निलंबन की अवधि में भोजराम सिन्हा का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गुरुर नियत किया गया है।
भाजपा नेताओं ने जताई संतुष्टि
भाजपा नेताओं ने शिक्षक की निलंबन कार्रवाई को “जनभावनाओं के सम्मान और शासन की गरिमा की रक्षा” से जोड़ते हुए प्रशासन को धन्यवाद दिया। उनका कहना है कि शिक्षक समाज का पथप्रदर्शक होता है और इस प्रकार का आचरण समाज को ग़लत संदेश देता है।



