
गौरेला न्यूज़ धमाका – गौरेला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 स्थित बजरंगी मोहल्ले में एक दशगात्र कार्यक्रम के दौरान पुरानी जमीन रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। एक पिता-पुत्र की जोड़ी ने मिलकर दो भाइयों पर हमला कर दिया, जिसमें एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पीड़ित संदीप भट्ट और उनके भाई सौरभ भट्ट एक दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां गोविंदा धुर्वे ने अचानक पुराने विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी। सौरभ को पिटते देख संदीप ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तभी गोविंदा और उसके पिता सेवा सिंह धुर्वे ने मिलकर संदीप पर भी हमला बोल दिया।
तलवार से किया हमला, गंभीर रूप से घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवा सिंह धुर्वे ने तलवार से संदीप भट्ट पर वार किया, जिससे उसके सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं सौरभ भट्ट के हाथ, पीठ, सीने और पेट में भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी अभी फरार
घटना के बाद सौरभ भट्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपी पिता-पुत्र की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संपर्क सूत्रों के अनुसार, यह विवाद लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर चला आ रहा था, जो अब हिंसक रूप में सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।



