
रायगढ़ न्यूज धमाका – इंस्टाग्राम पर नौकरी का झांसा देकर रायपुर की एक युवती को रायगढ़ बुलाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने झूठी पहचान बताकर युवती को बुलाया था और सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने 17 मई को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि इंस्टाग्राम पर नौकरी का विज्ञापन देखकर उसने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। कॉल पर युवक ने खुद को राहुल साहू, निवासी अडभार बताया और कहा कि वह एक निजी प्लांट में कार्यरत है और नौकरी दिला सकता है।
झांसे में आकर युवती रायगढ़ पहुंची, जहां आरोपी ने उसे स्टेशन से बाइक पर बैठाकर पूंजीपथरा स्थित प्लांट ले जाने का बहाना किया। वहां से वह उसे यह कहकर सरायपाली के जंगल में ले गया कि “आज हाफ डे है, काम नहीं हो पाया, बड़े साहब से मिलवाना है।” वहां आरोपी ने डरा-धमका कर दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी।
घटना के बाद युवती ने साहस दिखाते हुए उसी रात महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर ने मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल को दी, जिन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), पिता रामप्रसाद पटेल, निवासी ग्राम चारपारा, थाना सक्ती बताया।
महिला थाना रायगढ़ ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 09/2025 के तहत BNS की धारा 64, 115(2), 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस की अपील:
“सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्तियों द्वारा दिए गए किसी भी नौकरी, पैसे या रिश्ते से जुड़े प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें।”



