
कोरबा न्यूज़ – युवक के गले में कटे का निशान है, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि पहले उसने ब्लेड से अपना गला काटा, फिर तीन मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरते चोट लगने पर वह खून से लथपथ हो गया। एकाएक युवक द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने से मौके पर अफरा तफरी मच गई, और लोगों की भीड़ लग गई। युवक के शरीर पर हरकत देख स्थानीय लोगों को जिंदा होने का एहसास हुआ और उन्होंने आनन-फानन 108 संजीवनी एक्सप्रेस व पुलिस को सूचना दी। स्थल पर पहुंची पुलिस ने संजीवनी एक्सप्रेस से युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर पुलिस जांच में जुट गई। युवक की पहचान खपराभट्टा निवासी कालेश्वर पात्रे 22 वर्ष के रूप में हुई। युवक ने किस कारण आत्महत्या की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के दौरान पुलिस को कॉम्प्लेक्स के छत से खून से सना एक ब्लेड भी बरामद हुआ है। वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के स्वजनों से बयान लेने के बाद युवक द्वारा उठाए गए इस कदम के बारे में वास्तविक जानकारी सामने आएगी। उधर घटना को लेकर स्वजन भी परेशान है कि आखिर उसने यह कदम क्यों उठाया। घंटाघर व्यवसायिक परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठान संचालित हैं। इनमें शैक्षणिक संस्थान, प्रशिक्षण संस्थान, फोटो कापीयर्स, प्रिंटिंग, बुक डिपो, सराफा, फोटो स्टूडियों, गारमेंट्स, सीए, बैंकिग संस्थान, चाय बार आदि संस्थान संचालित हैं। बावजूद इसके यहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। कुछ संस्थान के संचालकों ने बताया कि पूर्व में उन्होंने सीसीटीवी कैमरा लगाया था, जो चोरी हो गया। इसके बाद संस्थान के बाहर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा रहे। जबकि सुरक्षा के लिहाज व ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मददगार साबित हो सकते हैं।


