
कोरबा न्यूज धमाका – जिला कोरबा में युक्तियुक्तकरण के बाद भी पदस्थापना आदेश मानने से इंकार करने वाले 4 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, कई अन्य शिक्षकों का दो महीने का वेतन रोक दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में अतिशेष शिक्षकों को शिक्षक विहीन एवं एकल शिक्षकीय विद्यालयों में नियुक्त किया जाना था। इस प्रक्रिया के तहत 292 प्राथमिक और 153 माध्यमिक शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया।
पदस्थापना आदेश से असंतुष्ट शिक्षकों ने जिला और संभाग स्तरीय युक्तियुक्तकरण समितियों के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत किए। अधिकांश अभ्यावेदन समाधानकारक नहीं पाए गए, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
नोटिस के जवाब समाधानकारक नहीं पाए जाने पर 4 सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया, जबकि अन्य शिक्षकों का विगत दो माह का वेतन रोक दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे जल्द से जल्द अपने आबंटित विद्यालयों में ज्वाइनिंग करें और बच्चों को पढ़ाने के कर्तव्य का पालन करें।



