रायपुरछत्तीसगढ

माओवादियों के हमले में सीआरपीएफ के हुए तीन जवान शहीद  

रायपुर,न्यूज़ धमाका :- छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे ओडिशा के नुआपड़ा जिले के बोडेन थानाक्षेत्र अंतर्गत 21 जून को सहजपानी गांव के पास माओवादियों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के तीन जवान बलिदान हो गए। इस हमले में कई जवान घायल हुए हैं जिनका उपचार चल रहा है। इनमें से एक से दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना मंगलवार दोपहर लगभग ढाई बजे के आसपास की है। बलिदान हुए जवानों में एएसआई शिशुपाल सिंह, एएसआई शिवलाल और कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह शामिल हैं। एएसआई शिशुपाल सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के ग्राम लालगढ़ी अगराना, एएसआई शिवलाल हरियाणा के महेन्द्रगढ़ जिले के ग्राम पैगा और कांस्टेबल धर्मेंद्र बिहार के रोहतास जिले के ग्राम सराया के निवासी थे।

तीनों जवान सीआरपीएफ की जी-19 बटालियन की रोड ओपनिंग पार्टी का हिस्सा थे। लंबे समय बाद माओवादियों ने जिले में किसी बड़ी घटना को अंजाम दिया है।

बताया जा रहा है कि जवान भैंसादानी कैम्प से नए खुले पाटधरा कैम्प जा रहे थे। इस दौरान घात लगाए बैठे माओवादियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। माओवादियों ने ग्रेनेड लांचर से हमला किया था। इससे पहले की जवान संभल पाते एएसआई शिशुपाल सिंह, एएसआई शिवलाल व कांस्टेबल धर्मेंद्र फायरिंग की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही तीनों वीरगति को प्राप्त हो गए।

माओवादियों द्वारा बलिदान हुए जवानों की तीन एके-47 राइफल भी लूट लिए जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य जवानों ने मोर्चा संभालते हुए माओवादियों को खदेड़ा। बाद कैम्प से बैकअप पार्टी रवाना की गई। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी राजेश पंडित, नुआपड़ा एसपी प्रत्युष दिवाकर सहित सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इलाके में सर्चिंग जारी है।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!