
जबलपुर,न्यूज़ धमाका :- नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर पौधरोपण कराया जाएगा। दोनों तटों पर जैविक खेती भी कराई जाएगी। इसे लेकर राज्यस्तर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार के इस प्रयास को आध्यात्मिक रूप से भी फलीभूत करने की योजना है। इसके लिए संत-महात्माओं का भी मार्गदर्शन लिया जाएगा। इसे लेकर कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक बैठक आयोजित हुई। जिसमें अनेक जिम्मेदारों ने भाग लिया और अपने विचार रखे।
बैठक में कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी ने कहा कि नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने चिन्हित स्थानों पर समाज और शासन की सहभागिता से वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम क्षेत्र में नगर निगमायुक्त को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नर्मदा नदी के किनारे किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित किए जाने का निर्णय लिया गया।
जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनके उत्पादों की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग भी की जाएगी। इसके साथ ही नदी के दोनों ओर के तटों पर 300 मीटर के दायरे में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। बैठक में नर्मदा नदी की सहायक नदियों के भी संरक्षण एवं संवर्धन का निर्णय लिया गया। नर्मदा नदी के परिक्रमा पथ पर पौधारोपण एवं परिक्रमावासियों के रुकने के लिए प्रत्येक 15 किलोमीटर पर सामुदायिक भवन के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने की बात कही गई।
गौरीघाट रखा जाए ग्वारीघाट का नाम :
बैठक में स्वामी गिरीशानंद ने ग्वारीघाट का नाम गौरीघाट रखने का सुझाव दिया। जिस पर कलेक्टर ने जिला योजना समिति की आगामी बैठक में इस आशय का प्रस्ताव रखने की बात कही। बैठक में जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डाक्टर जितेंद्र जामदार ने कहा कि नर्मदा जी की निर्मलता एवं अविरल प्रवाह अत्यंत आवश्यक है और यह हम सभी के अस्तित्व से जुड़ा विषय है। इस पर हम सभी को गंभीर होना पड़ेगा।
भटौली से तिलहरी तक हो रोड का चौड़ीकरण :
बैठक में विधायक अशोक रोहाणी ने ग्वारीघाट में सुगम आवागमन के लिए तिलहरी से भटौली रोड के चौड़ीकरण का सुझाव दिया। कलेक्टर डा. इलैयाराजा टी. ने श्री रोहाणी के इस सुझाव पर नगर निगम को इसकी विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त आशीष वशिष्ठ, जिला पंचायत सीईओ डा.सलोनी सिडाना, समाजसेवी कैलाश गुप्ता, स्मार्ट सिटी की सीईओ निधि सिंह राजपूत, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक रवि बर्मन एवं जिला समन्वयक प्रदीप तिवारी मौजूद रहे।



