कोरबा

घर टूटने की नौबत आई तो शुरू हुआ ऐसा विरोध:युवक ने खुद पर मिट्‌टी तेल डालकर कमरे में किया बंद, कहा-मर जाऊंगा; दूसरा बोला-फांसी लगा लूंगा

कोरबा न्यूज़ धमाका // छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध कब्जा हटाने गई निगम की टीम और प्रशासन को फिर से विरोध का सामना करना पड़ा। इस बार तो एक युवक ने खुद पर मिट्‌टी तेल डालकर कमरे में बंद कर लिया और कहने लगा कि कार्रवाई हुई तो खुद को जला डालूंगा। वहीं एक दूसरे ने युवक ने भी खुद को घर के अंदर बंद कर कहा कि फांसी लगाकर जान दे दूंगा। इसके बावजूद टीम ने एक नहीं सुनी और अवैध कब्जा हटा दिया है।

शहर के सुभाष ब्लॉक हेलीपैड इलाके में कुछ साल पहले SECL ने वृक्षारोपण किया था। मकसद था यहां पेड पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाई जाए, लेकिन कुछ समय पहले SECLने इसे कोरबा नगर निगम को सौंप दिया है। इसके बाद इस पूरे जमीन की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इस बीच 3-4 महीने पहले से लोगों ने यहां अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे कर यहां करीब 58 ऐसे मकान बना लिए गए जो अवैध हैं।

अवैध कब्जे पर कार्रवाई।

अवैध कब्जे पर कार्रवाई।

एक महीने पहले भी हुआ था विरोध

निगम की टीम को जब पहले इस बात की जानकारी मिली तो एक महीने पहले ही निगम की टीम यहां कार्रवाई के लिए गई थी। उस दौरान भी यहां के लोगों ने जमकर विरोध किया था। जिसके चलते निगम की टीम को वापस लौटना पड़ा था। इसके बाद कुछ दिन पहले निगम ने यहां रह रहे 58 परिवारों को नोटिस जारी कर घर खाली करने के लिए कहा था। इसके बावजूद लोगों ने घर खाली नहीं किया।

सुबह से शुरू हुई कार्रवाई

इधर, तय तिथि के मुताबिक निगम की टीम सोमवार सुबह इस इलाके में पहुंच गई थी। टीम के साथ तहसीलदार और बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिकर्मियों को भी लाया गया था। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से ही कार्रवाई करनी शुरू कर दी थी।

महिला पुलिसकर्मी ने युवक पर पानी डाला।

महिला पुलिसकर्मी ने युवक पर पानी डाला।

छज्जा तोड़कर निकाला बाहर

इस बीच एक युवक ने अपने आप को कमरे में मिट्‌टी तेल डालकर बंद कर लिया। उसने अपने बच्चे और पत्नी को बाहर कर दिया था और खिड़की से आवाज देकर कह रहा था कि कार्रवाई हुई तो मैं खुद को जिंदा जला डालूंगा। खुद को मार डालूंगा। मेरी मौत के जिम्मेदार आप लोग होंगे। ऐसे में निगम की टीम घर का छज्जा तोड़ा और उसे किसी तरह से घर से बाहर निकाला है।

पुलिसकर्मियों ने युवक पर डाला पानी

वह युवक इसके बाद भी नहीं रुका। उसने बाहर निकलने पर फिर से हंगामा शुरू कर दिया। खुद पर मिट्‌टी तेल डाले हुए कहने लगा कि मैं मर जाऊंगा। उसके हाथ में माचिस भी थी। जिसे पुलिसकर्मियों ने छुड़ाया और उसके कपड़े उतरवाकर उस पर पानी डाला।

इस तरह से छज्जा तोड़कर युवक को निकाला गया।

इस तरह से छज्जा तोड़कर युवक को निकाला गया।

एक और युवक ने भी इसी तरह से हंगामा किया। वह भी घर के अंदर बंद था। उसने भी अपनी पत्नी से कह दिया था कि बाहर से ताला लगा दो और तुम बाहर रहो। फिर खिड़की से आवाज करने लगा कि मैं फांसी लगा लूंगा। यहां भी कर्मचारियों ने उसके घर का छज्जा तोड़ा और उसे बाहर निकाला है।

पता चला है कि कई लोग अलग-अलग तरीके से निगम और प्रशासन का विरोध करते रहे। मगर प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी और कार्रवाई की है। प्रशासन की यह कार्रवाई अब भी जारी है। वहीं लोग भी हंगामा कर रहे हैं।

Chhattisgarh News Dhamaka Team

अमन चीफ एडिटर - छत्तीसगढ़ न्यूज़ धमाका // प्रदेश उपाध्यक्ष, छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन छत्तीसगढ // ; हरिभूमि ब्यूरो चीफ जिला कोंडागांव // 18 सालो से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। विश्वसनीय, सृजनात्मक व सकारात्मक पत्रकारिता में विशेष रूचि। कृषि, वन, शिक्षा; जन जागरूकता के क्षेत्र की खबरों को हमेशा प्राथमिकता। जनहित के समाचारों के लिये तत्परता व् समर्पण// जरूरतमंद अनजाने की भी मदद कर देना पहली प्राथमिकता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!