
04 अगस्त 2026 //
गरियाबंद न्यूज़ धमाका – के महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम में 5 अगस्त को श्रावण कालाष्टमी पर अघोराभिषेक, हवन और महाआरती होगी। 6 अगस्त को महाप्रसाद वितरण का आयोजन रहेगा।
श्रावण मास की पावन कालाष्टमी के अवसर पर गरियाबंद जिले के ग्राम मड़ेली (ब्लॉक छुरा) स्थित महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम अघोर मठ में 5 अगस्त 2026, बुधवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। परम पूज्य अघोर पीठाधीश बाबा श्री रुद्रानंद प्रचंड वेग नाथ जी के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
धार्मिक आयोजन के तहत भगवान महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग का अघोराभिषेक, श्रृंगार पूजन, हवन-अग्निहोत्र और भव्य महाआरती संपन्न होगी। इस दौरान भगवान शिव की विशेष आराधना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की जाएगी। आयोजन के अगले दिन 6 अगस्त, गुरुवार को प्रातःकालीन पूजन, भोग अर्पण और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजन समिति ने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से इस पावन अवसर पर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम विश्व का 13वां ज्योतिर्लिंग
महाऔघड़ेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम को छत्तीसगढ़ महाकौशल क्षेत्र का एकमात्र तथा विश्व का 13वां ज्योतिर्लिंग माना जाता है। श्रावण मास के दौरान यहां विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और शिव आराधना का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसे में कालाष्टमी के अवसर पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहेगा।



