
12 जुलाई 2026 //
कोरबा न्यूज़ धमाका – कोरबा पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट की घटना के बाद कोरबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई।
पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट की घटना के बाद कोरबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। शनिवार 11 जुलाई देर रात वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया। इस दौरान कई स्थानों पर संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गई, जबकि हुड़दंग मचाने वालों को मौके पर ही अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए उठक-बैठक भी कराई गई।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी तथा कोतवाली और सिविल लाइन थाना प्रभारियों के नेतृत्व में करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और डीडीएम रोड सहित कई क्षेत्रों में बाइक से गश्त की। जिन संकरी गलियों में चार पहिया वाहन नहीं पहुंच सकते थे, वहां भी पुलिस ने विशेष निगरानी रखी।

उपद्रवियों के घर पहुंची पुलिस
मारपीट और उपद्रव की घटनाओं में शामिल बताए जा रहे युवकों के घर भी पुलिस टीम पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने देने की हिदायत दी। साथ ही बच्चों और युवाओं पर निगरानी रखने की अपील भी की गई।
शराबखोरी और हुड़दंग पर कार्रवाई
देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और बेवजह बाइक से घूमकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई युवकों को रोककर समझाइश दी और कुछ से कान पकड़कर उठक-बैठक भी कराई, ताकि दोबारा कानून व्यवस्था भंग करने की हिम्मत न हो।
सीएसपी ने दिया सख्त संदेश
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। जिन इलाकों से गुंडागर्दी या असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलेगी, वहां लगातार बाइक पेट्रोलिंग और निगरानी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को जानकारी दें। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पुलिस की गश्त लगातार जारी है।

