
04 अगस्त 2026 //
बॉलीवुड न्यूज़ – लगान और गजनी जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले अभिनेता प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में कैंसर से निधन हो गया। बुधवार को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा
हिंदी और साउथ फिल्मों के मशहूर एक्टर प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। लगान, गजनी, राउडी राठौर, छत्रपति और वीरम जैसी फिल्मों में अपने दमदार विलेन के किरदारों से पहचान बनाने वाले अभिनेता ने मंगलवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
कैंसर से कारण गई जान
प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभिनेता को करीब चार साल पहले कैंसर हुआ था, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। करीब डेढ़ महीने पहले कैंसर दोबारा लौट आया, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। वह पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। इलाज के दौरान उनके प्लेटलेट्स तेजी से गिर गए और वायरल फीवर होने से उनकी हालत और गंभीर हो गई।
अस्पताल में ली अंतिम सांस
मैनेजर के मुताबिक, प्रदीप रावत का पहले मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज चला। बाद में उन्हें कैंसर विशेषज्ञ अस्पताल में शिफ्ट किया गया। आखिर में उन्होंने भिवंडी के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी और बेटे विक्रमादित्य हैं।
बुधवार को होगा अंतिम संस्कार
अभिनेता का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक गोरेगांव वेस्ट स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे जोगेश्वरी वेस्ट के ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यादगार रहा सफर
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी शो ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का किरदार निभाकर की थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और खलनायक के रूप में खास पहचान बनाई। लगान के देवा, गजनी के विलेन और कई हिंदी व दक्षिण भारतीय फिल्मों में उनकी दमदार एक्टिंग आज भी दर्शकों को याद है।
