
महासमुंद, 23 अगस्त 2023
विधान सभा निर्वाचन 2023 हेतु अंतिम मतदाता सूची तैयार की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का विशेष अभियान 2 अगस्त से 31 अगस्त 2023 तक चल रहा है। जिसमें आम नागरिक अपने मतदाता सूची में नाम जुड़वाकर मताधिकार प्राप्त कर सकते हैं। स्वीप समिति के नोडल अधिकारी ने बताया कि सभी नागरिक जिनकी आयु 01 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूर्ण हो गया है, तो मतदाता बनने हेतु आप जिस निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य निवासी है वहा के बी.एल.ओ. से संपर्क कर फार्म-6 प्राप्त कर सकते है। मतदाता बनने के लिए जन्म तिथि प्रमाणित करने वाला कोई प्रमाण पत्र के साथ एड्रेस प्रूफ का दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। फार्म-6 जमा कर मतदाता बनने का गौरव प्राप्त कर सकते है। आधार से मतदाता पहचान पत्र को जोड़ने के लिए फार्म-6 बी भर सकते है।
इसी प्रकार मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म 7 भरा जा सकता है, यदि सूची में नाम, आयु, लिंग, पता संशोधन सहित नवीन फोटोयुक्त मतदाता परिचय प्राप्त करना हो तो फार्म 8 भरना होगा। उक्त सभी कार्य के लिए फार्म निःशुल्क है समस्त फार्म के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा कर विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदान कर सकता है। इस हेतु आनलाईन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है फार्म के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना होगा। विशेष अभियान के दौरान दिव्यांगजन, थर्ड जेण्डर के लोगों के नाम भी सूची में जोड़ा जा रहा है। ध्यान रहे आपका नाम मतदाता सूची में नहीं होने पर आप वोट नहीं दे सकेंगे। अपने वोटर आईडी का सरल क्रमांक और भाग संख्या देखने हेतु लिंक में सर्च कर सकते है। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में संशोधन व अन्य किसी भी तरह की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।