
लसूड़िया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक शादी समारोह में दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि नाचने की बात पर शुरु हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। शराब के नशे में नाच रहे युवकों ने प्रॉपर्टी ब्रोकर की लाइसेंसी राइफल छीन ली और जानलेवा हमला कर दिया।
लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 11 बजे तलावली चांदा की है। पुलिस ने फरियादी सारंग पुत्र चंद्रशेखर पाराशर निवासी लसूड़िया मौरी की शिकायत पर आरोपित अर्जुन ठाकुर निवासी राम पिपल्या, संजय सिसोदिया निवासी अरंडिया के खिलाफ प्राणघातक हमले का मुकदमा दर्ज किया है। सारंग उर्फ चुन्नू के मुताबिक वह बुआ के बेटे की शादी में गया था। बारात में कुछ लोग शराब के नशे में नाचते हुए महिलाओं के बीच में घुस रहे थे। उसने समझाया तो आरोपितों ने लाइसेंसी राइफल छीन ली और तलवार से हमला कर दिया।
घटना के बाद बारात में अफरा तफरी मच गई। पत्नी वर्षा शर्मा (पाराशर) के मुताबिक आरोपितों ने करीब 25 लोगों को बुला लिया था। सभी शराब के नशे में हथियार लेकर आए और चुन्नू के साथ मारपीट की। आरोपितों ने लूट की नियत से राइफल छीनी और गाड़ियां लेकर भाग गए। सूचना मिलने पर एएसपी राजेश रघुवंशी व अन्य अफसर मौके पर पहुंचे और दो लोगों को पकड़ कर राइफल जब्त भी कर ली।


