
जोनल स्टेशन से- जीआरपी ने एक यात्री को 16 पाव शराब के पकड़ा है। वह अकलतरा से खरीदकर बिलासपुर बेचने के लिए आया था। जिसे स्टेशन में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया हैघटना शुक्रवार रात 12 बजे की है। जीआरपी की टीम रात्रिकालीन गश्त पर स्टेशन की जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म चार पर टिटलागढ़- बिलासपुर पैसेंजर आकर खड़ी हुई। तभी टीम को एक संदेही युवक 25 से 30 साल का नजर आया। ट्रेन से उतरकर पुलिस को देखकर हावडा इंड की तरफ भागने लगा। जिस पर टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम हसन खान (31) निवासी गणेश नगर चुचुहियापारा बताया। भागने की वजह पूछने पर वह कुछ भी नहीं बता सका। लिहाजा उसके पास रखे बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग के अंदर चार बाटल 750 एमएल देशी प्लेन शराब तथा 16 पौवा 180 एमएल देशी प्लेन शराब शील बंद मिला। जिसकी कीमत पांच हजार 880 व एमएल देशी शराब प्लेन कीमत दो हजार 560 रुपये हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि शराब वह अकलतरा से खरीदकर लाया है। उसके पास किसी तरह वैध दस्तावेज भी नहीं थे। वह शराब बिलासपुर में बेचने के लिए लेकर आया था। उपस्थित गवाहों के समक्ष शराब जब्त करने की कार्रवाई की गई और आरोपित को पकड़कर जीआरपी थाने लाया गया।इसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। ट्रेनों में लगातार गांजा, शराब व लकड़ी की तस्करी हो रही है। इसके बाद भी ट्रेन में मौजूद सुरक्षा अमले की नजर नहीं पड़ती।

